Friday 20 July 2012

लोकप्रियता में ज्वाला ने साइना को पछाड़ा


 लंदन ओलंपिक में भारत की ओर से पदक जीतने की सबसे प्रबल दावेदार साइना नेहवाल को खेलों के महाकुंभ के शुरू होने से पहले ही ज्वाला गट्टा ने पछाड़ दिया है। चिंता मत करिए गट्टा ने खेल के मैदान में नहीं बल्कि लोकप्रियता के मामले में नेहवाल को पीछे छोड़ा है। हालांकि ज्वाला को सानिया मिर्जा ने ओवरऑल सर्वे में पछाड़ दिया।
2010 राष्ट्रमंडल खेलों की बैडमिंटन युगल चैंपियन गट्टा ने गूगल के सर्वे में पांच बार की बैडमिंटन सुपर सीरीज चैंपियन और राष्ट्रमंडल खेलों की स्वर्ण पदक विजेता साइना से ज्यादा हिट हासिल किए। दो भारतीय खिलाड़ियों के बीच तुलना करते हुए 'गूगल इनसाइट फॉर सर्च' नाम से पिछले सात दिनों तक सर्वे किया गया। इस सर्वे में साइना को 64 हिट मिले जबकि गट्टा ने 80 हिट हासिल किए। पिछले दिनों अपनी फिटनेस और लुक में जबरदस्त बदलाव करने वाली ज्वाला का जलवा इस समय चरम पर है। युवाओं के बीच उन्हें खासा पसंद किया जा रहा है। हालांकि अगर खिताब और कीर्तिमानों की बात करें तो इसमें साइना उनसे आगे नजर आती हैं।
गूगल इनसाइट फॉर सर्च के ओवरऑल सर्वे में भारतीय सनसनी सानिया मिर्जा ने बाजी मारी। खेल और खूबसूरती का संगम सानिया मिर्जा को सबसे आगे रखने में सफल रहा। भारतीय टेनिस खिलाड़ी ने सबसे ज्यादा 84 हिट पाए। भारतीय टेनिस टीम के अन्य खिलाड़ियों लिएंडर पेस, महेश भूपति, रोहन बोपन्ना, सोमदेव देववर्मन और विष्णु वर्धन से तुलना करने पर भी सानिया ही भारी पड़ीं। तुलनात्मक सर्वे में सानिया को पेस और भूपति ने थोड़ी बहुत टक्कर दी लेकिन बोपन्ना, सोमदेव और विष्णु उनके सामने टिक ही नहीं सके। यही नहीं सानिया और ज्वाला के बीच हुए तुलनात्मक सर्वे में भी भारतीय टेनिस खिलाड़ी ने मुकाबला 51-31 से जीत लिया।

No comments:

Post a Comment