Sunday 8 July 2012

ओलंपिक से पहले ब्रिटेन में छह संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार


यहां पुलिस ने गुरुवार को आतंकी हमले की तैयारी में जुटे छह संदिग्ध लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें तीन की गिरफ्तारी लंदन में ओलंपिक आयोजन स्थल से करीब पांच किलोमीटर की दूरी पर हुई है। हालांकि स्थानीय पुलिस फिलहाल इन गिरफ्तारियों को 27 जुलाई से शुरू होने वाले ओलंपिक से जोड़कर नहीं देख रही। पुलिस ने खुफिया सूचना के आधार पर अलग-अलग जगहों से पांच पुरुष और एक महिला को गिरफ्तार किया है। ब्रिटेन के सबसे बड़े शहर बरमिंघम में सड़क मार्ग को बंद कर पुलिस ने एक बस से सभी यात्रियों को उतारकर एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया। ऐसी सूचना मिली थी कि बस में उक्त आरोपी किसी बाक्स में तरल पदार्थ डाल रहा है। यात्रियों ने इसमें धुआं भी निकलते देखा था। वहीं पश्चिमी लंदन के रिहायशी इलाके से पुलिस ने 21 वर्षीय पुरुष और 30 वर्षीय महिला को संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर पकड़ा। जबकि तीन संदिग्ध युवकों को पूर्वी लंदन से गिरफ्तार किया गया है। इनकी उम्र 18 से 26 साल के बीच है।

पुलिस ने बताया कि इन सभी को आतंकी साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। इन्हें दक्षिण-पूर्व लंदन के थाने में रखा गया है। उत्तरी, पूर्वी और पश्चिमी लंदन स्थित आठ घरों की तलाश में जासूस जुटे हुए हैं। इनके अलावा पूर्वी लंदन में एक व्यावसायिक ठिकाने का भी पता लगाया जा रहा है। इन गिरफ्तारियों को काफी अहम बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस कहा है कि ऐसा नहीं लगता कि ये लोग तत्काल किसी धमाके की योजना बना रहे थे। गुरुवार को पुलिस जन सुरक्षा के तहत तलाशी अभियान चला रही थी। गिरफ्तारी के बाद ओलंपिक को देखते हुए सुरक्षा बलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। सात साल पहले लंदन में सिलसिलेवार धमाकों में 52 लोगों की मौत हो गई थी।

No comments:

Post a Comment