Showing posts with label tennis. Show all posts
Showing posts with label tennis. Show all posts

Monday, 30 July 2012

भारी बारिश के कारण टेनिस मुकाबले स्थगित


लंदन। लंदन ओलंपिक में टेनिस के भारतीय पुरुषों के युगल मुकाबले भारी बारिश के कारण रविवार को स्थगित हो गए। इसके अलावा एकल मुकाबले में सोमदेव देववर्मन को भी मुकाबला बीच में ही रोकना पड़ा। पुरुष युगल खेलने आए विष्णुवर्धन को अब एकल में भी चुनौती पेश करने का मौका मिलेगा।
लिएंडर पेस एवं विष्णुवर्धन की जोड़ी का मुकाबला हालैंड के रॉबिन हसे एवं जीन-जूलियन रोजर की जोड़ी से था, जबकि महेश भूपति एवं रोहन बोपन्ना का मुकाबला बेलारुस के मैक्स मिरनई एवं अलेक्जेंडर बरी से था। एकल मुकाबले में भारत के सोमदेव देववर्मन एवं फिनलैंड के जारको निमेनन के बीच चल रहे मुकाबले को बीच में ही रोकना पड़ा। जिस समय मुकाबला रुका सोमदेव 3-6, 01 से पीछे थे। विष्णुवर्धन का पहले दौर में मुकाबला स्लोवानिया के ब्लाज केविसिस से था।

Sunday, 29 July 2012

फेडरर की नजर सिंगल्स और डबल्स दोनों पर


लंदन ओलम्पिक में टेनिस के पुरुष एकल मुकाबलों के पहले दौर में कोलम्बिया के एलेजांड्रो फाला के खिलाफ शानदार जीत दर्ज करने के बाद स्विट्जरलैंड के मशहूर टेनिस खिलाड़ी रोजर फेडरर की निगाहें एकल और युगल दोनों पदकों पर लग गई हैं। चार वर्ष पूर्व बीजिंग ओलम्पिक में स्तानिस्लास वावरिंका के साथ मिलकर पुरुष युगल का स्वर्ण पदक जीतने वाले फेडरर ने फाला को लगभग दो घंटों तक चले मुकाबले में 6-3, 5-7, 6-3 से हराया। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार फेडरर ने कहा, 'मैं सिडनी ओलम्पिक का हिस्सा था। अब उसे 12 वर्ष बीत चुके है और इसने निश्चित तौर पर मेरे भीतर एक आग जला दी है, उम्मीद है कि इस बार ओलम्पिक में मैं अच्छा प्रदर्शन करूंगा।' उन्होंने कहा, 'एथेंस को छोड़कर मेरे अब तक सभी ओलम्पिक बढि़या गए है। लेकिन मैं जीवन में हमेशा कुछ न कुछ सीखता हूं। मैं समझता हूं कि हर बार जब मैंने ओलम्पिक में हिस्सा लिया है, तो पदक पाना चाहा है और इस बार यहां मैं एकल और युगल दोनों पदक जीतना चाहता हूं।' फेडरर ने इस महीने की शुरुआत में विम्बलडन में अपना सातवां खिताब जीता था।