Showing posts with label olympic gold medal. Show all posts
Showing posts with label olympic gold medal. Show all posts

Sunday, 22 July 2012

सोना जीतने पर होगी करोड़ों की बरसात

ओलिम्पिक में मिलने वाले स्वर्ण पदक की कीमत भारतीय मुद्रा में 36400 रुपए बैठती है लेकिन यदि कोई भारतीय यह पदक जीत जाता है तो उसके लिए यह स्वर्ण पदक करोड़ों का बन जाएगा। लंदन ओलिम्पिक में दिए जाने वाले स्वर्ण पदक की कीमत भारतीय मुद्रा में 36400 रुपए आंकी गई है। इस स्वर्ण पदक में 92.5 प्रतिशत चांदी, 1.34 प्रतिशत सोना और शेष तांबा है। स्वर्ण पदक में कुल छह ग्राम सोना है। इसका वजन 400 ग्राम है। इसी तरह रजत पदक की कीमत 18000 रुपए आंकी गई है जिसमें 92.5 प्रतिशत चांदी और 7.5 प्रतिशत तांबा है। कांस्य पदक का मूल्य मात्र 165 रुपए है। इसमें 97 प्रतिशत तांबा और बाकी जस्ता तथा टिन है। ओलिम्पिक के स्वर्ण, रजत या कांस्य पदक की कीमत भले ही मामूली लगती हों लेकिन एक-एक पदक पर भारतीय खिलाड़ियों को करोड़ों रुपए की पुरस्कार राशि दिला सकता है। बीजिंग ओलिम्पिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले निशानेबाज अभिनव बिंद्रा और कांस्य पदक जीतने वाले मुक्केबाज विजेन्दर सिंह तथा पहलवान सुशील कुमार जानते होंगे कि उनके पदकों ने उन्हें किस तरह पुरस्कारों से लाद दिया था। देश की कई राज्य सरकारें ओलिम्पिक में पदक जीतने वाले भारतीय खिलाड़ियों को जबर्दस्त पुरस्कार राशि देने की घोषणा की है। केन्द्रीय खेल मंत्रालय की पुरस्कार नीति के तहत ओलिम्पिक स्वर्ण विजेता को 50 लाख, रजत विजेता को 30 लाख और कांस्य पदक विजेता को 20 लाख रुपए मिलते हैं। हरियाणा ने भी घोषणा की है कि लंदन ओलिम्पिक में उसका जो खिलाडी पदक जीतेगा उसे स्वर्ण पर ढाई करोड़ रजत पर डेढ़ करोड़ और कांस्य पर एक करोड़ रुपए दिए जाएंगे। पंजाब अपने खिलाड़ी को स्वर्ण जीतने पर दो करोड़, रजत पर एक करोड़ और कांस्य पदक पर 50 लाख रुपए देगा। तमिलनाडु सरकार ने भी कहा है कि वह स्वर्ण जीतने वाले खिलाड़ी को दो करोड़, रजत पदक विजेता को एक करोड़ और कांस्य जीतने वाले को 50 लाख देगी। भारतीय मुक्केबाजी टीम के प्रायोजक मोनेट ग्रुप ने भी घोषणा की है कि वह स्वर्ण जीतने वाले मुक्केबाज को 51 लाख, रजत विजेता को 21 लाख और कांस्य पदक विजेता को 11 लाख रुपए का पुरस्कार देगा। भारतीय दल के एक प्रायोजक सैमसंग ने स्वर्ण विजेता को 20 लाख, रजत विजेता को 15 लाख और कांस्य विजेता को दस लाख रुपए देने की घोषणा की है। एक अन्य प्रायोजक ओएनजीसी ने कहा है कि स्वर्ण विजेता खिलाड़ी को 25 लाख रपए का पुरस्कार दिया जाएगा। रजत विजेता को 15 लाख रुपए और कांस्य पदक विजेता को दस लाख रुपए दिए जाएंगे। भारतीय बैडमिंटन संघ ने ओलिम्पिक में एकल स्वर्ण जीतने वाले अपने खिलाडी को एक करोड़ का पुरस्कार देने की घोषणा की है। ये वे घोषणाएं हैं जो पिछले कुछ समय में की गई हैं। पदक जीतने की स्थिति में तो इनामों की बौछार ही होने लगेगी।